भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में उस समय नया विवाद खड़ा हो गया, जब मोहन सरकार के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई इंदर सिंह चौहान को गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज होने के बावजूद कोर्ट से जमानत मिल गई। उन पर आलीराजपुर जनपद पंचायत की महिला सीईओ प्रिया काग को ‘जिंदा गाड़ने’ और ‘दांत तोड़ने’ की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया था, लेकिन गिरफ्तारी के बाद कोर्ट से उन्हें राहत मिल गई।


घटना के बाद प्रशासन ने सीईओ प्रिया काग की सुरक्षा बढ़ा दी है और उनकी सुरक्षा में गनमैन तैनात किया गया है। धमकी के बाद उन्होंने फील्ड विजिट बंद कर दी है और फिलहाल केवल कार्यालय तक सीमित होकर काम कर रही हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने 22 अप्रैल को ही अपनी सुरक्षा को लेकर मांग की थी, जिसके बाद यह कदम उठाया गया।


इस मामले में मंत्री नागर सिंह चौहान ने खुद को अलग करते हुए कहा कि उनका अपने भाई से कोई लेना-देना नहीं है और कानून अपना काम करेगा। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर विपक्ष ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि बीजेपी नेताओं के रिश्तेदार सत्ता के नशे में आम जनता को प्रताड़ित कर रहे हैं और सरकार ऐसे मामलों को दबाने में लगी रहती है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।


पुलिस के अनुसार, 24 अप्रैल को इंदर सिंह चौहान को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से उन्हें जमानत मिल गई। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं में एफआईआर दर्ज है। वहीं, उनका आपराधिक रिकॉर्ड भी काफी लंबा रहा है। पिछले तीन दशकों में उन पर हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, लूट और डकैती जैसे 25 से ज्यादा मामले दर्ज हो चुके हैं, हालांकि अब तक किसी मामले में सजा नहीं हुई है। कई मामलों में वे बरी हो चुके हैं, जबकि कुछ में राजीनामा या खात्मा हो गया।


ताजा विवाद 22 अप्रैल को सामने आया, जब कन्या विवाह योजना के तहत पहले से विवाहित आवेदकों के आवेदन निरस्त किए जाने पर इंदर सिंह चौहान भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने सीईओ प्रिया काग को धमकाते हुए उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान वे उन्हें मारने के लिए दौड़े और रास्ता भी रोका, जिससे सीईओ ने खुद को असुरक्षित महसूस किया और इसकी शिकायत दर्ज कराई। यह मामला अब कानून और राजनीति दोनों के केंद्र में आ गया है।