छतरपुर, संजय अवस्थी। प्रसिद्ध संत श्री प्रेमानंद जी महाराज के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की मंगल कामना को लेकर शहर के संकट मोचन एवं श्री 1008 श्री धनुषधारी मंदिर परिसर में विशेष हवन-पूजन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम श्री 1008 श्री धनुषधारी मंदिर एवं संकट मोचन मंदिर समिति के तत्वावधान में श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ।
हवन-पूजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर श्री प्रेमानंद जी महाराज के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ तथा दीर्घायु की प्रार्थना की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत हवन संपन्न कराया गया, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
इस अवसर पर अरविंद गोस्वामी, राजेंद्र अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु एवं भक्तजन उपस्थित रहे। सभी ने महाराज जी के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की। कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

