दमोह, राजेन्द्र तिवारी। दमोह कलेक्टर नारायण प्रताप यादव ने मंगलवार को नरसिंहगढ़ स्थित मायसेम सीमेंट फैक्ट्री का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, वहीं मजदूरों ने भी फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ अनेक शिकायतें दर्ज कराईं।
मजदूरों ने कलेक्टर को बताया कि उन्हें समय पर वेतन नहीं दिया जाता है और वेतन का भुगतान भी एकमुश्त नहीं किया जाता। इसके अलावा सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाते, जिसके कारण उन्हें अपनी सुरक्षा सामग्री स्वयं के खर्च पर घर से लानी पड़ती है।
श्रमिकों ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा विभिन्न तरीकों से उनका शोषण किया जा रहा है। शिकायतों को सुनने के बाद कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सामने आई अनियमितताओं को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि श्रमिकों के अधिकारों और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

