सतना ,अंबिका केशरी। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पेप्टेक सिटी में विवाद हो गया। आरोपी ने पहले कार लगातार रास्ता रोक लिया और फायरिंग कर दी, लेकिन फायर मिस होने पर बट से हमला कर घायल कर दिया। जिसके बाद पीड़ित सिविल लाइन थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद जिला अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित के मुताबिक उसका कोई विवाद नहीं था। वहीं कहा जाता है कि सड़क निर्माण के टेंडर को लेकर दोनों में विवाद चल रहा है जो अब हिंसक रूप लेता नजर आ रहा है।


जानकारी के मुताबिक, लगभग 10-15 दिन पहले एक सड़क निर्माण का टेंडर खुला था, जो गौरव सिंह के नाम पर स्वीकृत हुआ। इस टेंडर प्रक्रिया में रघुराज सिंह भी टेंडरर के रूप में शामिल थे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से मित्रतापूर्ण संबंध थे, लेकिन टेंडर खुलने के बाद हालात बिगड़ते चले गए। सूत्रों के अनुसार, टेंडर मिलने के बाद रघुराज सिंह ने गौरव सिंह से काम में हिस्सेदारी की बात कही, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसी तनाव के चलते रघुराज कुछ समय के लिए कहीं चले गए थे और मामला शांत होता दिख रहा था।


रविवार को गुलाब पार्क में कॉलोनी की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें दोनों पक्ष मौजूद थे।

बैठक के दौरान भी दोनों के बीच कहासुनी होने की बात सामने आई है। इसके बाद रघुराज वहां से निकल गए। वहीं, जब कार्यक्रम समाप्त होने के बाद गौरव सिंह अपनी कार से लौट रहे थे, तभी रास्ते में रघुराज ने उन्हें रोकने की कोशिश की। कार न रुकने पर रघुराज ने कथित तौर पर पिस्टल से फायर कर दिया जो मिस हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर गौरव सिंह ने अपनी गाड़ी रोकी और शीशा नीचे कर बातचीत करने की कोशिश की।


इसी दौरान रघुराज सिंह ने पास आकर पिस्टल की बट से गौरव पर हमला कर दिया। घटना के समय गौरव के साथ लकी नामक व्यक्ति भी मौजूद था। अचानक हुए हमले के बाद गौरव किसी तरह वहां से निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे। घटना में घायल गौरव सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। इधर, सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।