रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा शहर में एक होटल के कमरे से प्रेमी-प्रेमिका के शव मिलने से हड़कंप मच गया। गुरुवार शाम हुई इस घटना में पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर जहर खाकर आत्महत्या की आशंका जताई है। दोनों युवक-युवती एक ही गांव के रहने वाले थे और लंबे समय से आपसी प्रेम संबंध में थे। बताया जा रहा है कि युवती घर से खरीदारी का कहकर निकली थी, जिसके बाद वह अपने प्रेमी के साथ होटल पहुंची थी।


पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान रवि साकेत (25) और काजल उर्फ बिट्टी साकेत (21) के रूप में हुई है। दोनों बुधवार दोपहर साथ निकले थे और उनके साथ अतुल साकेत नाम का एक युवक भी था, जो उन्हें होटल में छोड़कर वापस लौट गया था। परिजनों के मुताबिक, दोनों के बीच लंबे समय से संबंध थे और वे एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे।


घटना होटल अम्पायर के एक कमरे में सामने आई, जहां देर रात तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर होटल स्टाफ को संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची समान थाना पुलिस ने दरवाजा तुड़वाकर कमरे में प्रवेश किया, जहां दोनों के शव पड़े मिले।


कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को तंदूरी रोटी, बियर और शराब की बोतलें मिलीं। साथ ही एक जहरीला पदार्थ भी बरामद हुआ है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने जहर सेवन किया हो। युवक के परिजन प्रमोद साकेत ने भी आत्महत्या की आशंका जताई है और बताया कि कमरे में शराब पार्टी होने के संकेत मिले हैं।


पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए संजय गांधी स्मृति अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला जहर सेवन से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच में जुटी हुई है और हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की कड़ियां जोड़ रही है।