श्योपुर, उत्तम सिंह। जिले के टर्रा कलां गांव में गुरुवार को दोनी नदी में नहाने गए एक युवक पर मगरमच्छ ने अचानक हमला कर दिया। मगरमच्छ ने युवक को अपने जबड़े में जकड़ लिया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर युवक को मगरमच्छ के चंगुल से बाहर निकाला, लेकिन गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल पहुंचते-पहुंचते मौत हो गई।


जानकारी के अनुसार, किन्नपुरा निवासी प्रकाश रावत गुरुवार को दोनी नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान नदी में मौजूद मगरमच्छ ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें अपने जबड़े में जकड़ लिया। प्रकाश ने काफी देर तक मगरमच्छ से संघर्ष करते हुए खुद को बचाने का प्रयास किया।


घटना की जानकारी मिलते ही करीब 8 से 10 ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए मगरमच्छ से संघर्ष किया और किसी तरह प्रकाश को उसके चंगुल से बाहर निकाला। मगरमच्छ के हमले में प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनका बायां हाथ करीब आधे हिस्से तक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।


ग्रामीणों ने तत्काल घायल प्रकाश को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी हालत बेहद गंभीर थी। जिला अस्पताल पहुंचते-पहुंचते प्रकाश रावत की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, टर्रा कलां सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में मगरमच्छ के हमले के बाद दहशत का माहौल है।


ग्रामीणों ने वन विभाग से की मगरमच्छ के रेस्क्यू की मांग


घटना के बाद टर्रा कलां गांव के ग्रामीणों ने वन विभाग को लिखित आवेदन देकर दोनी नदी में मौजूद मगरमच्छ को रेस्क्यू करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी में मगरमच्छ की मौजूदगी के कारण लोगों की जान को लगातार खतरा बना हुआ है।


ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई कर मगरमच्छ को सुरक्षित रेस्क्यू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटना दोबारा न हो।


मगरमच्छ के हमले में युवक की मौत के बाद दोनी नदी में ग्रामीणों की सुरक्षा और वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नदी में मगरमच्छ की मौजूदगी को देखते हुए लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाने जरूरी हैं।