छतरपुर, संदीप यादव। जिले के नौगांव तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत सरसेड़ से शासकीय भूमि पर अवैध उत्खनन और दबंगई का एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम चपरन निवासी आवेदक चित्रकोटी भदौरिया पिता शिवनारायण भदौरिया ने ग्राम पंचायत के सरपंच कल्लू प्रजापति, उनके पुत्र शनि प्रजापति और उनकी पत्नी पर अवैध रूप से मुरम एवं रेत का उत्खनन करने तथा शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में आवेदक द्वारा खनिज अधिकारी और पुलिस अधीक्षक छतरपुर को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई और जान-माल की सुरक्षा की मांग की गई है।
शिकायत के अनुसार ग्राम पंचायत सरसेड़ के सरपंच कल्लू प्रजापति का पुत्र शनि प्रजापति पिछले करीब 4 वर्षों से शासकीय नंबर वाली भूमि से अवैध रूप से मुरम और रेत का उत्खनन कर उसे बाजार में बेच रहा है, जिससे मध्य प्रदेश शासन को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है। मौके पर तहसीलदार द्वारा जांच भी की गई थी। इसके अलावा करीब 5 माह पूर्व हरपालपुर में इसी सरपंच के ट्रैक्टर को रेत से भरा होने के कारण वन विभाग द्वारा जप्त कर हरपालपुर थाने के सुपुर्द किया गया था, जिसे बाद में जुर्माना अदा कर छुड़ाया गया था । इस सबके बावजूद सरपंच और उसके परिवार द्वारा अवैध खनन का यह सिलसिला बंद नहीं किया गया।
मामले ने तब तूल पकड़ा जब 9 जून 2026 को आवेदक ने जिला मुख्यालय छतरपुर में कलेक्टर की जनसुनवाई में सरपंच के खिलाफ निर्माण कार्यों में गड़बड़ी और अवैध उत्खनन की जांच हेतु आवेदन दिया । इसके अगले ही दिन 10 जून 2026 को जब सरपंच का पुत्र शनि प्रजापति अपने महिंद्रा ट्रैक्टर से अवैध रेत भरकर ले जा रहा था, तब आवेदक ने मौके पर उसका एक वीडियो बना लिया। वीडियो बनाए जाने की भनक लगते ही सरपंच कल्लू प्रजापति ने आवेदक को मोबाइल पर फोन करके जान से मारने की धमकी दी और वरिष्ठ अधिकारियों के लिए भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
आवेदक का आरोप है कि मोबाइल पर धमकी देने के बाद सरपंच की पत्नी और उसका बेटा शनि प्रजापति सीधे आवेदक के घर आ धमके और वहां भी गाली-गलौज करते हुए गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी। सरपंच पद के रसूख का फायदा उठाकर आरोपी पूरे गांव में दबंगई दिखा रहे हैं और जो भी उनके खिलाफ आवाज उठाता है, उसे डराया-धमकाया जाता है तथा हरिजन एक्ट के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी जाती है। पीडि़त आवेदक ने मोबाइल रिकॉर्डिंग और वीडियो साक्ष्यों के साथ आज 11 जून को थाना हरपालपुर समेत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर अपने व अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है तथा शासन से मांग की है कि मौके से अवैध रेत से भरा ट्रैक्टर जप्त कर आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और अवैध उत्खनन पर भारी जुर्माना लगाया जाए।











