छतरपुर,शिवाकांत मिश्रा। जिले के थाना ईशानगर क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या कांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। ग्राम रहुनिया पुरवा, पनौठा के खेत में वृद्ध पंचू कुशवाहा की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। परिजनों के बयान और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर थाना ईशानगर में भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया।


जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के बेटे गुल्लू उर्फ रामकृपाल कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया, जो इसी गांव का निवासी है। आरोपी को विधिवत कार्रवाई के बाद जेल भेजा जा रहा है।


इस पूरी कार्रवाई में एसडीओपी बिजावर अजय रिठौरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक मनोज गोयल सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।


पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास मजबूत हुआ है।