उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले की खाचरौद तहसील अंतर्गत चांपाखेड़ा गांव के शासकीय बालिका छात्रावास में अचानक अफरातफरी का माहौल बन गया। यहां एक के बाद एक 21 छात्राओं को चक्कर आने, उल्टी होने और घबराहट की शिकायत होने लगी। छात्राओं की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत खाचरौद सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद सभी की हालत स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है।


पास के खेत में चिरायता फसल की कटाई के दौरान उड़ी धूल व भूसा बना वजह

मिली जानकारी के अनुसार, छात्रावास के समीप स्थित खेत में एक किसान चिरायता फसल की कटाई और निकलई का कार्य कर रहा था। इस दौरान उड़ने वाला भूसा और धूल हवा के साथ छात्रावास परिसर तक पहुंच गई। बताया जा रहा है कि फसल के भूसे, धूल और उसकी गंध के संपर्क में आने के बाद छात्राओं को घबराहट, चक्कर और उल्टी की समस्या होने लगी, जिसके चलते एक साथ 21 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई।


प्रशासन, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग की टीमें पहुंचीं मौके पर

छात्रावास में छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। सभी प्रभावित छात्राओं को तत्काल उपचार के लिए खाचरौद सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर इलाज किया। अस्पताल प्रबंधन और प्रशासन के मुताबिक, उपचार के बाद सभी 21 छात्राओं की स्थिति सामान्य और स्थिर है तथा वे पूरी तरह खतरे से बाहर हैं।