लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस के साथ गठबंधन और उत्तर प्रदेश में सीट समायोजन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस बार एक ऐतिहासिक अवसर है, जब हम दोनों पंथनिरपेक्ष पार्टियां मिलकर सांप्रदायिक भाजपा और उनके संकीर्ण सोच के साथियों को हमेशा के लिए हराकर देश को गलत हाथों में जाकर बर्बाद होने से बचा सकते हैं।

अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में लिखा, "हम चाहते हैं कि आप और हम जन-अपेक्षाओं व वास्तविकताओं को समझ कर गंभीर विचार-विमर्श करें, जिससे अधिकांश सीटों पर अपने गठबंधन की जीत सुनिश्चित हो। जितनी सीटें आप-हम लड़ें, उनमें हमारी जीत की सीटें, न जीत पाने वाली सीटों से अधिक हों। जीत ही बंटवारे को सम्मानजनक बनाएगी, क्योंकि जीती हुई सीट ही सम्मान दिलाएगी।"

उन्होंने कहा, "आपकी टीम की तरफ से प्राथमिकता के आधार पर दी गई सीटों में से जिन 26 सीटों पर आज बात हो गई है, उनके अतिरिक्त अन्य सभी संभावित सीटें चिह्नित करके हमें भेज दें। फिर मिल बैठकर देखेंगे कि कौन सी सीट और उस पर कौन सा कैंडिडेट जीतने की पोजिशन में है। हो सकता है कि हम अपने आंकलन और जीत के गणितीय समीकरण के आधार पर कांग्रेस को ऐसी कई जीतने वाली सीटों के बारे में भी बताएं, जिन पर उन्होंने किसी कारणवश विचार ही नहीं किया है।"

सपा प्रमुख ने कहा कि हमारी कोशिश तो ये है कि जब बड़े नेता बैठें तो सभी सीटों पर 'इंडिया' ब्लॉक के प्रत्याशी के रूप में बात हो, न कि कांग्रेस या सपा के प्रत्याशी के रूप में और सबसे अच्छी और सकारात्मक परिणाम देने वाली बात तो ये होगी कि हम लोग अपने प्रत्याशी को पीडीए प्रत्याशी के रूप में प्रस्तुत करें।"

अखिलेश यादव ने लोकसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा, "जिस प्रकार लोकसभा में आपके संगठन ने पीडीए के साथ पूरी तरह सहयोग किया, वो सदैव सराहनीय रहेगा, क्योंकि उसने ही मिलकर सांप्रदायिक भाजपा को धूल चटाई थी। अब इस बार भी हम लोग मिलकर उत्तर प्रदेश में और फिर केंद्र में भी भाजपा को हराएंगे। जमीनी सर्वेक्षणों से ये बात साफ हो गई है कि हर शहर, मोहल्ले, गली व गांव तक ये बात पहुंच गई है कि जो पीड़ित है, वो पीडीए है। इसीलिए पूरे प्रदेश के हर समाज, हर वर्ग के पीड़ित, दुखी, अपमानित भाजपा के खिलाफ लामबंद हो गये हैं, क्योंकि उन सबको ये विश्वास है कि पीडीए ही एनडीए को हराएगा और पीडीए ही परिवर्तन लायेगा।"

उन्होंने कहा, "सच तो ये है कि हम नहीं चाहते हैं कि सीट का बंटवारा हमारे-तुम्हारे के भाव से हो, हम तो इसे बंटवारा नहीं, सीट समायोजन कहना चाहते हैं। कठिन समीकरण वाली सीटों पर हम मिलकर कम-से-कम दो प्रत्याशियों पर विचार-विमर्श करके जिसकी अधिक संभावना दिखेगी, उसे चुनकर मिलजुल के जिताएंगे। हम नहीं चाहते हैं कि गठबंधन में एक-दूसरे पर उम्मीदवार थोपे जाएं, बल्कि सहमति से तय किए जाएं, तब ही आपके-हमारे वोट आपस में ट्रांसफर होकर हम लोगों की जीत को सुनिश्चित करेंगे और कल को हम मिलकर कह सकेंगे कि हम लोगों ने तो पहले ही कहा था, बात सीट की नहीं, जीत की है।"

उन्होंने कहा, "आपका-हमारा सबसे बड़ा लक्ष्य सरकार बनाना है। नये हालातों और समीकरण में उसके लिए हमें-आपको कुछ लोगों को एडजस्ट और एकमोडेट करना पड़ेगा। एक-दो लोग ऐसे भी होंगे, जिनसे आपने और हमने चुनाव लड़ाने का वादा किया होगा, लेकिन वास्तविक परिस्थितियों को देखते हुए दो-चार सीटों पर बदलाव भी करने पड़ेंगे। भावी प्रत्याशियों को भी ये समझना होगा कि हर सीट महत्वपूर्ण है। अगर किसी को सीट नहीं मिल पा रही है या मनचाही सीट नहीं मिल रही है तो निराश न हों, अगर उनके दल के बड़े नेता ने कुछ फेरबदल या बदलाव किया है तो उसके पीछे सोच सरकार बनाने की है और सरकार बन गई तो सबको सम्मान-स्थान मिल जाएगा। हर बड़ा नेता अपनी बात का मान खुद रखेगा, इतना विश्वास तो अपने नेताओं पर लोगों को रखना ही पड़ेगा। इस तरह जो चुनाव लड़ा जाएगा, उसमें आपका-हमारा संगठन मिलकर कहेगा कि हम दोनों के मिलने से हमारी तैयारी 806 सीटों के बराबर की है।"

उन्होंने कहा, "देश की जनता खासतौर से किसान, मजदूर, युवा, मध्यम वर्ग, महिलाएं, छोटे से लेकर बड़ा व्यापारी, सच्चे अधिकारी, कर्मचारी और संपूर्ण प्रगतिशील-पंथनिरपेक्ष व उत्पीड़ित पीडीए समाज आपकी और हमारी तरफ बड़ी उम्मीद से देख रहा है। आपसी समायोजन से कोई भूल किए बिना हम देश का नया इतिहास लिखने के कगार पर हैं। हम सौहार्द और सूझबूझ से ये कर भी दिखाएंगे, इसी आशा के साथ आप-हम सीट की जगह जीत के समीकरण पर विचार करें, जिससे हम जीतें और उत्तर प्रदेश में अपनी सरकार आए और फिर दिल्ली में भी और देश का भविष्य संवारने में हम लोगों का योगदान हमेशा के लिए सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो जाए।"

अखिलेश ने कहा, "देश की जनता खासतौर से किसान, मजदूर, युवा, मध्यम वर्ग, महिलाएं, छोटे से लेकर बड़ा व्यापारी, सच्चे अधिकारी, कर्मचारी और संपूर्ण प्रगतिशील-पंथनिरपेक्ष व उत्पीड़ित पीडीए समाज आपकी और हमारी तरफ बड़ी उम्मीद से देख रहा है। आपसी समायोजन से कोई भूल किए बिना हम देश का नया इतिहास लिखने के कगार पर हैं। हम सौहार्द और सूझबूझ से ये कर भी दिखाएंगे। इसी आशा के साथ आप-हम ‘सीट की जगह जीत के समीकरण’ पर विचार करें, जिससे हम जीतें और उप्र में अपनी सरकार आए और फिर दिल्ली में भी और देश का भविष्य संवारने में हम लोगों का योगदान हमेशा के लिए सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो जाए।"