छतरपुर, संजय अवस्थी। जिले के चंद्रनगर चौकी क्षेत्र अंतर्गत बरखेड़ा गांव में चल रहे रेलवे निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसे में श्रमिक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एलएनटी मशीन को बैक करते समय मऊगंज जिले के निवासी रामदुर्घट यादव उसके नीचे आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही खजुराहो एसडीओपी मनमोहन सिंह बघेल एवं चंद्रनगर चौकी प्रभारी मोहर सिंह सिकरवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। मृतक के शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल छतरपुर में कराया जा रहा है।


मृतक के परिजन रंजित यादव ने बताया कि रामदुर्घट यादव रेलवे परियोजना में एक्सवेटर चालक के रूप में कार्यरत थे। सुबह हादसे की सूचना मिलने पर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें रामदुर्घट यादव की मौत की जानकारी दी गई।


मृतक के भाई रमाकांत यादव ने बताया कि उनका परिवार मऊगंज जिले के नकवार गांव का रहने वाला है। रामदुर्घट यादव पिछले चार-पांच महीनों से रेलवे निर्माण कार्य में लगे हुए थे। उनके परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा हैं। परिजनों का कहना है कि सुबह कार्यस्थल पर वाहन की चपेट में आने से उनकी मौत हुई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।