छतरपुर,शिवम सोनी। जिले के इमिलिया गांव में राशन वितरण व्यवस्था पूरी तरह लचर नजर आ रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव की कोटा दुकान महीने में मात्र 4 दिन ही खोली जाती है, जिससे गरीब परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। निर्धारित समय के अनुसार आज सुबह 8 बजे राशन वितरण होना था, लेकिन सुबह 11 बजे तक भी सेल्समैन मौके पर नहीं पहुंचा।
इस दौरान करीब 75 परिवार अपने जरूरी कामकाज छोड़कर दुकान के बाहर इंतजार करते रहे। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं और बुजुर्गों को झेलनी पड़ी, जिन्हें घंटों धूप में खड़े रहना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि समय पर राशन नहीं मिलने से उनके सामने रोजमर्रा के जीवन की समस्याएं खड़ी हो रही हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार सेल्समैन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और गांव में नियमित एवं समय पर राशन वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि गरीबों को राहत मिल सके।

