प्रयागराज, रोहित पाठक। बागेश्वर सरकार की प्रयागराज की राष्ट्र हनुमत कथा में शामिल होने पहुंचे रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) ने देश की वर्तमान परिस्थितियों और सामाजिक मुद्दों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि आज देश कई चुनौतियों के दौर से गुजर रहा है और ऐसे समय में नागरिकों को जागरूक रहकर सही निर्णय लेना चाहिए। राजा भैया ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र में केवल सरकार ही नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण होती है। यदि कोई प्रत्याशी राष्ट्र के मूल्यों और प्रतीकों का सम्मान नहीं करता, तो जनता को लोकतांत्रिक तरीके से उसका विरोध करना चाहिए।


उन्होंने धार्मिक आयोजनों के दौरान सामने आने वाली घटनाओं का जिक्र करते हुए चिंता जताई और समाज से एकजुट रहने की अपील की। उनका कहना था कि समाज की सबसे बड़ी कमजोरी आपसी विभाजन है, जिसे दूर करना जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बागेश्वर धाम में दर्शन कर आशीर्वाद भी लिया और राष्ट्र व समाज की एकता पर जोर दिया। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि जाति-पाति से ऊपर उठकर एकजुट रहें और सामाजिक समरसता को मजबूत करें।