छतरपुर (राजनगर)। राजनगर तहसील के सेक्टर चंद्रनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत बमीठा में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, भोपाल के निर्देशानुसार नवांकुर संस्था माइन्ड इम्पॉवरिंग सोशल फाउंडेशन के द्वारा प्रस्फुटन समितियों का त्रैमासिक क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पंचायत बमीठा के सरपंच सनत जैन, उद्यानिकी प्रभारी श्याम बाबू प्रजापति तथा सचिव राजनारायण रैकवार की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में उपस्थित प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण किट वितरित की गई। प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों में विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
द्वितीय सत्र में परामर्शदाता जीतेन्द्र सिंह ने स्वैच्छिक संस्थाओं के गठन एवं प्रबंधन के बारे में जानकारी दी। तृतीय सत्र में जलज जैन ने ग्राम विकास की अवधारणा पर विस्तार से चर्चा की, वहीं चतुर्थ सत्र में माइन्ड इम्पॉवरिंग सोशल फाउंडेशन नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि मनीष खटीक ने प्रस्फुटन समितियों के दस्तावेजीकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की समापन सत्र में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक आशीष ताम्रकार तथा जनपद पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र अवस्थी (भाजपा मंडल अध्यक्ष) के करकमलों से कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस अवसर पर ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्य सहित नवांकुर सखियों और युवाओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षण प्राप्त प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

