मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। शहर में स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों के विरोध में बुधवार को लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। बड़ी संख्या में शहरवासियों और महिलाओं ने गांधी चौराहे से सरदार पटेल चौराहे तक विशाल रैली निकालकर बिजली विभाग और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में कई गुना वृद्धि हो गई है। लोगों का कहना है कि पहले उनके घरों में 200 से 500 रुपए तक बिजली बिल आता था, लेकिन अब बिना अतिरिक्त खपत के 10 हजार से 15 हजार रुपए तक के बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे आम और मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।


विरोध प्रदर्शन में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बढ़े हुए बिजली बिलों की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे अपने घरों में लगे स्मार्ट मीटर हटाकर फेंक देंगी। महिलाओं ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रहा है।


रैली के बाद प्रदर्शनकारी सरदार पटेल चौराहे पहुंचे, जहां कुछ समय के लिए चक्काजाम कर विरोध जताया गया। सड़क पर बैठकर लोगों ने स्मार्ट मीटर योजना को वापस लेने और बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच कराने की मांग की। चक्काजाम के कारण कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा।


सूचना मिलने पर बिजली विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। अधिकारियों ने समस्याओं की जांच कर उचित समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।