बड़ामलहरा, लोकेन्द्र सिंह। नगर की ईदगाह मस्जिद में शनिवार को ईद उल अजहा (बकरीद) का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। मुस्लिम समाज के लोगों ने देश में अमन-चैन, भाईचारा और खुशहाली कायम रहने की दुआ के साथ ईद की नमाज अदा की। नमाज के दौरान प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस बल पूरी तरह चौकस तैनात रहा।
बताया गया कि ईद उल अजहा हजरत इब्राहिम की कुर्बानी की याद में मनाया जाता है। यह पर्व त्याग और बलिदान का प्रतीक माना जाता है। नगर की ईदगाह में हाफिज जनाब कय्यूम खान ने ईद की नमाज अता कराई। नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी तथा बच्चों को ईदी बांटी गई।
इस अवसर पर एसडीएम अखिल राठौर, तहसीलदार रंजना यादव, नायब तहसीलदार विशंवर सिंह मरावी, थाना प्रभारी शिशिर तिवारी सहित पुलिस बल मौजूद रहा। वहीं हाजी मुकीम खान, हाफिज अब्दुल गफ्फार खान, मुस्लिम सदर मेहबूब खान, कदीर खान, शफीक बेग, रजा मुराद खान, इरफान खान, रफीक खान सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग उपस्थित रहे।

