छतरपुर,शिवाकांत मिश्रा। जिले के पहाड़गांव में आयोजित श्री श्री अनंत श्री पंच कुण्डात्मक श्री राम महायज्ञ एवं श्री राम-जानकी प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह बना रहा।


महोत्सव के दौरान भगवान की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें राम दरबार की आकर्षक झांकी विशेष रूप से श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। मंदिर में विराजमान होने वाले राम दरबार की झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। शोभायात्रा में डीजे, बैंड-बाजे और घोड़ों के साथ भक्तों का जोश देखते ही बन रहा था।


गांव के मुख्य मार्गों से निकली इस शोभायात्रा में बड़े-बुजुर्गों, युवाओं और मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी रही। पूरा वातावरण “जय श्री राम” के उद्घोष से भक्तिमय हो उठा।


इस दौरान धार्मिक अनुष्ठानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली मुस्कान बुंदेला, निशि मिश्रा और बिन्नू रानी द्वारा शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। यात्रा पुनः कार्यक्रम स्थल किटा खेड़ा भिटाई आश्रम पहुंची, जहां भगवान राम-जानकी का विधि-विधान से विवाह संस्कार संपन्न कराया गया। अंत में विशाल भंडारा प्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजक पूर्व विधायक जुझार सिंह जूदेव बुंदेला एवं पूर्व विधायक आशा रानी जी द्वारा सभी श्रद्धालुओं के सहयोग और सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया गया।