छतरपुर, विनोद मिश्रा। मध्य प्रदेश के छतरपुर में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर सियासी संग्राम तेज हो गया है। भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक ललिता यादव ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में लाया गया यह ऐतिहासिक कदम विपक्षी दलों ने राजनीतिक स्वार्थ के चलते बाधित किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की मानसिकता महिला विरोधी है और महिला सशक्तिकरण उनके लिए केवल चुनावी मुद्दा बनकर रह गया है। भाजपा ने इस विषय पर जनजागरूकता अभियान चलाने की भी बात कही। वहीं कांग्रेस की ओर से वार्ड पार्षद एवं पूर्व महिला जिला अध्यक्ष कीर्ति विश्वकर्मा ने भाजपा की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम राजनीतिक लाभ के लिए लाया गया है और इसमें जनगणना व परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर स्पष्टता नहीं है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बिना अद्यतन आंकड़ों के ऐसे फैसले राजनीतिक संतुलन को प्रभावित कर सकते हैं। फिलहाल इस मुद्दे पर दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं, जिससे आने वाले समय में सियासी बहस और तेज होने के संकेत हैं।

