अमरपाटन,नरेन्द्र पटेल। “आपकी पुलिस आपके द्वार” अभियान के तहत अमरपाटन थाना क्षेत्र के ग्राम कुम्हारी और देवरी जगदीशपुर में जन चौपाल का आयोजन किया गया, जहां पुलिस और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ। इस दौरान थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लिया।


जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने खुलकर अपनी बातें रखीं और पुलिस की पहल की सराहना की। उन्होंने बताया कि पुलिस का गांव तक आकर सीधे संवाद करना भरोसा बढ़ाने वाला कदम है। साथ ही साइबर ठगी से बचाव के तरीकों की जानकारी उन्हें बेहद उपयोगी लगी।


कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, बैंक फ्रॉड जैसे बढ़ते खतरों को लेकर लोगों को सतर्क किया। इसके अलावा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, नशा मुक्ति अभियान तथा यातायात नियमों के पालन को लेकर भी जागरूक किया गया।


थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते ने कहा कि जन चौपाल का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच दूरी को कम करना है, ताकि लोग बिना किसी डर के अपनी समस्याएं साझा कर सकें और जागरूक होकर अपराध से बच सकें। उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रयास है कि हर व्यक्ति तक सही जानकारी पहुंचे और वह सतर्क रहकर सुरक्षित जीवन जी सके।