भोपाल। राजधानी में आज 15 मई को जुमे की नमाज को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और कई प्रमुख मस्जिदों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। जानकारी के अनुसार, इतवारा क्षेत्र की मस्जिदों सहित ताजुल मसाजिद, कुलसुम बिया मस्जिद, मोती मस्जिद, जामा मस्जिद और पीरगेट इलाके में पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। अधिकारियों द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में पेट्रोलिंग भी बढ़ाई गई है।


दरअसल, हाल ही में एक मुस्लिम युवक की पिटाई के मामले को लेकर शहर में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। मोहसिन अली खान ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी थी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो शुक्रवार को उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद मध्य प्रदेश पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं भोपाल के शहर काजी मुश्ताक अली नदवी ने वीडियो संदेश जारी कर लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह या भड़कावे में न आने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शहर में शांति बनाए रखने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।