छतरपुर, शिवम सोनी। शहर के सागर रोड स्थित विराज गार्डन में आयोजित बैठक में सिद्धपीठ बागेश्वर धाम सुंदरकांड मंडल केंद्रीय समिति द्वारा पदयात्रा निकालने का निर्णय लिया गया। यह पदयात्रा 2 मई को शाम 4 बजे मोटे के महावीर मंदिर से प्रारंभ होकर बागेश्वर धाम तक पहुंचेगी।


बैठक में जानकारी दी गई कि पदयात्रा का उद्देश्य बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज की आगामी जनकल्याणकारी साधना की सफलता के लिए प्रार्थना करना है। समिति के अनुसार आचार्य शास्त्री उत्तराखंड में विशेष साधना के लिए जा रहे हैं, जिसकी सफलता और देशहित में सकारात्मक परिणाम की कामना को लेकर यह आयोजन किया जा रहा है।


पदयात्रा के माध्यम से श्रद्धालु भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की भावना भी व्यक्त करेंगे। समिति के सदस्य सुंदर रैकवार और रणवीर पटैरिया ने बताया कि यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।


समिति ने बागेश्वर धाम से जुड़े सभी श्रद्धालुओं और हिंदुत्व समर्थकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पदयात्रा को सफल बनाएं।