छतरपुर,संजय अवस्थी। छतरपुर जिले में आज वर्ष 2026 की प्रथम नेशनल लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आयोजित इस लोक अदालत में न्यायालयों में लंबित विभिन्न प्रकार के प्रकरणों का राजीनामा के माध्यम से त्वरित समाधान किया गया।


इसमें सिविल, क्रिमिनल (कंपाउंडेबल), मोटर एक्सीडेंट क्लेम, चेक बाउंस, वैवाहिक विवाद तथा विद्युत बिल, नगरपालिका कर, बैंक रिकवरी, फाइनेंस कंपनियों से संबंधित लंबित मामले शामिल थे। पक्षकारों की आपसी सहमति से इन प्रकरणों का निपटारा किया गया, जिससे न्याय मिलने की प्रक्रिया सरल, तेज और कम खर्चीली साबित हुई।


जिला न्यायालय छतरपुर के अलावा नौगांव, बिजावर, लवकुशनगर, राजनगर और बड़ामलहरा तहसील अदालतों में भी लोक अदालत की बैठकों का आयोजन हुआ। विशेष रूप से संपत्तिकर, जलकर तथा अन्य उपभोक्ता करों के बकाया मामलों में अधिभार (सरचार्ज) पर 100 प्रतिशत तक छूट प्रदान करने का प्रावधान रहा, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिली।