मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के पिपलिया मंडी से हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक ट्रक ड्राइवर को एथेनॉल चोरी के शक में पेट्रोल पंप पर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया आरोप है कि पेट्रोल पंप संचालक और उसके साथियों ने ड्राइवर से 90 हजार रुपए की मांग की और पैसे नहीं देने पर लोहे की रॉड और प्लास्टिक पाइप से उसकी जमकर पिटाई कर दी।
दरसअल मामला यह है कि रीवा जिले के मढ़ी गंगेव निवासी 36 वर्षीय ट्रक ड्राइवर भूपेंद्र सिंह राजपूत नागपुर से एथेनॉल भरकर इंदौर आया था और डिपो में माल खाली करने के बाद ट्रक पार्क कर सो रहा था,आरोप है कि कंपनी का कर्मचारी शुभम सैनी उसे कार में बैठाकर पिपलिया मंडी स्थित पेट्रोल पंप पर ले आया… जहां पंप संचालक आर्यन अग्रवाल और उसके भाई ने उस पर 900 लीटर एथेनॉल चोरी करने का आरोप लगाया और 90 हजार रुपए की मांग की।ड्राइवर ने आरोपों से इनकार किया तो आरोपियों ने उसे पेट्रोल पंप के ऑफिस में बंद कर लोहे की रॉड और पाइप से बेरहमी से पीट दिया।
मारपीट में उसके पीठ, हाथ, मुंह और पैरों पर गंभीर चोटें आई हैं। मारपीट के बाद पीड़ित किसी तरह वहां से निकलकर थाना पिपलिया मंडी पहुंचा और पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 196/बी, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने आज मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।



