टीकमगढ़,मोहसिन । पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में टीकमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के पास से कुल ₹18.88 लाख का मशरूका बरामद किया गया है।


जानकारी के अनुसार, जिले के खरगापुर और बम्हौरीकलां थाना क्षेत्रों में हुई दो बड़ी चोरी की वारदातों के खुलासे के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, साइबर तकनीक और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छतरपुर जिले के ईशानगर क्षेत्र से मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश से जुड़े इस शातिर गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, नगदी राशि, चोरी में इस्तेमाल एक डिजायर कार और बोलेरो वाहन जब्त किए गए हैं। कुल बरामदगी ₹18,88,000 बताई गई है।


इसके अलावा आरोपियों के पास से 315 बोर के 2 अवैध कट्टे और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सुनसान इलाकों में पहले रेकी करते थे और ऐसे मकानों को निशाना बनाते थे जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होते थे। गिरोह देर रात 12 बजे से 4 बजे के बीच वारदात को अंजाम देता था। आरोपी ताला तोड़कर सीधे अलमारी में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर देते थे। वारदात के दौरान कुछ सदस्य बाहर निगरानी करते थे, जबकि बाकी अंदर चोरी को अंजाम देते थे।


इस पूरी कार्रवाई के लिए पुलिस की 4 विशेष टीमों का गठन किया गया था। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए सभी को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में दहशत का माहौल है, वहीं आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।