नौगांव,कमल यादव। नगर के अजनर रोड स्थित एक निजी मैरिज हाउस में सेन समाज द्वारा गुरु संत श्री सेन जी महाराज की जयंती बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सामाजिक सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के लोगों की भारी भागीदारी रही।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक कामाख्या प्रताप सिंह उपस्थित रहे। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष अनूप तिवारी, पूर्व अध्यक्ष अंजुल सक्सेना एवं अभिलाष शिवहरे सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।


कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन के साथ हुई। इस दौरान वक्ताओं ने संत सेन जी महाराज के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके द्वारा दिए गए समरसता और भाईचारे के संदेश को अपनाने का आह्वान किया। समाज के नगर अध्यक्ष संतोष सेन ने बताया कि संत सेन जी महाराज ने समाज को एकता और सद्भाव का मार्ग दिखाया, उसी उद्देश्य से इस सम्मेलन का आयोजन किया गया।


सम्मेलन में छतरपुर, नौगांव, लवकुशनगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। इस दौरान संत सेन जी महाराज के मंदिर निर्माण का भी निर्णय लिया गया, जिस पर सभी अतिथियों ने हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।


कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं पत्रकारों का शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। इसके बाद सभी के लिए सामूहिक सहभोज (भंडारा) का आयोजन किया गया।


शाम 6 बजे शुरू हुआ यह कार्यक्रम रात 10 बजे तक चला। आयोजन में फूलचंद वर्मा का विशेष सहयोग रहा।

यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज में एकता और सामाजिक समरसता को भी मजबूत करने का संदेश दे गया।