भोपाल, जीतेन्द्र यादव। केंद्र सरकार की नई 'ट्रेड डील' के खिलाफ भारतीय युवा कांग्रेस ने आर-पार की जंग का ऐलान कर दिया है। आगामी 16 मार्च को दिल्ली में होने वाले संसद घेराव और विशाल विरोध प्रदर्शन में मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस अपनी पूरी ताकत झोंकने जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया के नेतृत्व में प्रदेश भर से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
ट्रेड डील से किसान बेहाल, विपक्ष करेगा निहाल
यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने केंद्र की नीतियों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि प्रस्तावित ट्रेड डील भारतीय कृषि व्यवस्था की कमर तोड़ देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस डील का सबसे घातक असर देश के अन्नदाताओं पर पड़ेगा। घनघोरिया ने कहा, "केंद्र सरकार 'कुंभकरण' की नींद सो रही है। जब किसानों के हितों की बलि चढ़ाई जा रही हो, तब विपक्ष का यह लोकतांत्रिक फर्ज है कि वह सोती हुई सरकार को जगाने के लिए सड़कों पर उतरे।"
एमपी से लामबंद होंगे हजारों युवा
प्रदर्शन की तैयारियों को लेकर मध्य प्रदेश के सभी जिलों में बैठकों का दौर जारी है। रणनीति के तहत: ग्वालियर-चंबल, मालवा और महाकौशल अंचल से भारी संख्या में कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचने का लक्ष्य दिया गया है। राजधानी भोपाल से भी विशेष जत्थे रवाना होंगे। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार की 'किसान विरोधी' नीतियों के खिलाफ नारेबाजी और विरोध स्वरूप संसद का घेराव किया जाएगा।
सरकार की नीतियों पर तीखे सवाल
युवा कांग्रेस का तर्क है कि विदेशी व्यापार समझौतों (Trade Deals) में भारतीय किसानों के संरक्षण को नजरअंदाज किया जा रहा है। यश घनघोरिया ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक सरकार इस किसान विरोधी नीति को वापस नहीं लेती या इसमें सुधार नहीं करती, युवा कांग्रेस का आंदोलन थमेगा नहीं।
"यह केवल एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि उन करोड़ों किसानों की आवाज है जिन्हें यह सरकार हाशिए पर धकेल रही है। हम दिल्ली की सड़कों पर केंद्र को उसकी जिम्मेदारी याद दिलाएंगे।"
यश घनघोरिया, प्रदेश अध्यक्ष, एमपी यूथ कांग्रेस



