Monday, March 9, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
मध्य प्रदेशभोपालरंगपंचमी पर रंगों से सराबोर हुआ MP: उज्जैन में सीएम ने दिखाए तलवारबाजी के जौहर, इंदौर में मिसाइलों से बरसे रंग

रंगपंचमी पर रंगों से सराबोर हुआ MP: उज्जैन में सीएम ने दिखाए तलवारबाजी के जौहर, इंदौर में मिसाइलों से बरसे रंग

Post Media
News Logo
PeptechTime
8 मार्च 2026, 11:01 am IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

भोपाल। रविवार को समूचा मध्य प्रदेश रंगपंचमी के उल्लास में डूबा नजर आया। मालवा से लेकर निमाड़ तक, हर ओर गुलाल और रंगों की फुहारें देखी गईं। विशेष रूप से इंदौर और उज्जैन में इस पर्व की छटा देखते ही बन रही थी, जहाँ लाखों की भीड़ राजबाड़ा और शहर की गलियों में रंगों के समंदर में गोते लगाती नजर आई।


इंदौर में रंगपंचमी की परंपरा के अनुसार ऐतिहासिक गेर निकाली गई। टोरी कॉर्नर की गेर इस बार आकर्षण का केंद्र रही, जहाँ तीन टैंकरों पर मिसाइलें लगाकर आसमान से रंग बरसाया गया। 'ऑपरेशन सिंदूर' की याद में टैंक से रंगीन पानी की बौछार की गई, जिससे पूरी सड़क इंद्रधनुषी हो गई।


नगर निगम की गेर में तकनीक और संस्कृति का अनूठा मेल दिखा, जहाँ एक हाथी की विशाल प्रतिकृति बनाई गई थी। इस हाथी की सूंड से लोगों पर रंगीन पानी डाला गया। फिजाओं में इतना गुलाल उड़ा कि सूरज की रोशनी भी रंगीन नजर आने लगी। मॉरल क्लब समिति की गेर में 15 ब्लोअर मशीनें, 6 डीजे गाड़ियां और बोरिंग मशीनें रंगों के साथ देशभक्ति के तरानों पर युवाओं को थिरकाती रहीं। संगम कॉर्नर की गेर में बरसाना की लट्ठमार होली और राधा-कृष्ण के रास ने ब्रज की याद दिला दी।


उज्जैन: बाबा महाकाल संग होली और सीएम के तेवर

उज्जैन में रंगोत्सव की शुरुआत विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल के आंगन से हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सबसे पहले बाबा को केसरयुक्त जल अर्पित किया और ध्वज पूजन किया। बाबा का अभिषेक करने के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में तलवारबाजी के जौहर दिखाकर सबको हैरान कर दिया। इसके बाद वे संतनगर की गेर में शामिल हुए। होली के गीतों पर मुख्यमंत्री दोनों हाथ उठाकर झूमते नजर आए और जनता पर फूल व गुलाल बरसाकर उन्हें रंगपंचमी की बधाई दी।


उज्जैन की गेर में हुआ हादसा

उज्जैन में उत्सव के दौरान एक अप्रिय घटना भी घटी। संतनगर की गेर में मुख्यमंत्री के पहुँचने से ठीक पहले किसी अज्ञात व्यक्ति ने पटाखा फोड़ दिया। अचानक हुई तेज आवाज से भीड़ में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस अफरा-तफरी में एक व्यक्ति जमीन पर गिरकर घायल हो गया, जिसे तत्काल एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुँचाया गया। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है कि यह शरारत थी या कोई लापरवाही।

Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)