छतरपुर,संदीप यादव। जिले के बड़ामलहरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सूरजपुरा में एक खुशी का माहौल उस वक्त मातम में बदल गया, जब दूल्हे की गाड़ी (मोरकार) की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की जान चली गई।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छोटा वंशकार (70 वर्ष), पिता करिया वंशकार, निवासी बड़ामलहरा, अपने भांजे की बारात में शामिल होने के लिए ग्राम मातगुवां से सूरजपुरा गए थे। बारात के दौरान वह पैदल चल रहे थे, तभी दूल्हे के लिए सजी मोरकार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद घायल बुजुर्ग को आनन-फानन में बड़ामलहरा अस्पताल ले जाया गया। वहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल छतरपुर रिफर कर दिया। हालांकि, जिला अस्पताल पहुँचते ही डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुधवार को पुलिस की मौजूदगी में मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

