छतरपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल, छतरपुर द्वारा विश्व गौरैया दिवस के अवसर पर इको क्लब - मिशन लाइफ (CBSE पहल) के अंतर्गत 22 मार्च 2026 को माय होम्स कॉलोनी, खजुराहो में “पंछी प्रहरी सप्ताह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत “सेव बर्ड्स अभियान” चलाकर पक्षियों एवं उनके प्राकृतिक आवास के संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया।


इस दौरान 3 से 10 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए चित्रकला एवं कविता वाचन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में अभिभावकों की भी सक्रिय भागीदारी रही। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से पक्षियों के प्रति प्रेम और संरक्षण का संदेश दिया।


कार्यक्रम के अंतर्गत पेड़ों पर बर्ड फीडर (दाना-पात्र) लगाए गए, ताकि पक्षियों को नियमित रूप से भोजन उपलब्ध हो सके। विद्यालय के शिक्षकों ने बच्चों को गौरैया के महत्व और उसके घटते अस्तित्व के बारे में जानकारी दी तथा उन्हें अपने घरों के आसपास दाना-पानी रखने के लिए प्रेरित किया।