कबड्डी प्रतियोगिता में कई राज्यों के महिला-पुरुष खिलाड़ी दिखाएंगे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

Advertisement
सतना,अंबिका केशरी। जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्तर की बड़ी कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। राष्ट्रीय फेडरेशन कप महिला एवं पुरुष कबड्डी चैम्पियनशिप के आयोजन की जिम्मेदारी इस वर्ष जिला अमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन सतना को सौंपी गई है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 19 मार्च से 22 मार्च तक बाबूपुर (नीमी बराज) स्थित नरेंद्र दामोदरदास मोदी स्टेडियम में आयोजित की जाएगी, जिसमें देश के कई राज्यों की महिला और पुरुष टीमें भाग लेंगी।
प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की टीमों में इंडियन रेल्वेज, महाराष्ट्र, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु, सर्विसेस और मध्य प्रदेश की टीमें शामिल होंगी। वहीं महिला वर्ग में हरियाणा, इंडियन रेल्वेज, हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब और चंडीगढ़ की टीमें अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी। चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देश के बेहतरीन कबड्डी खिलाड़ी भाग लेकर रोमांचक मुकाबले पेश करेंगे।
आयोजन समिति के अनुसार बाबूपुर में आयोजित होने वाली यह स्पर्धा अपने 48वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। हर वर्ष की तरह इस बार भी प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति के सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आयोजन में भोपाल से दीपक जोशी, जेसी शर्मा और एमएल चौहान सहित जिला अमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन सतना के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह बराज की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
प्रेसवार्ता के दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह बराज ने बताया कि प्रतियोगिता को भव्य और सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने जिला प्रशासन, खेल प्रेमियों और शहर के प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें, जिससे जिले में खेल संस्कृति को और अधिक प्रोत्साहन मिल सके।

