चंदेरी के कड़राना गांव में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

Advertisement
इंदौर,शुभम । मध्यप्रदेश नारकोटिक्स विंग ने अशोकनगर जिले की चंदेरी तहसील के ग्राम कड़राना में बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान टीम ने भारी मात्रा में तैयार ड्रग्स, केमिकल और उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
नारकोटिक्स विंग के उप महानिरीक्षक महेश चंद्र जैन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय प्रियांशु जैन निवासी चंदेरी और 38 वर्षीय राघवेन्द्र सिंह पंवार निवासी कड़राना के रूप में हुई है। मुखबिर से सूचना मिलने पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से राघवेन्द्र सिंह के गांव स्थित ठिकाने पर दबिश दी, जहां घर के अंदर ही एमडी ड्रग्स बनाने की लैब संचालित होती मिली।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 1 किलो 282 ग्राम तैयार ठोस एमडी ड्रग्स, 2 किलो 579 ग्राम तरल एमडी ड्रग्स और करीब 45 किलो ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाला केमिकल बरामद किया। इसके अलावा ड्रग्स निर्माण में उपयोग होने वाले कई उपकरण भी जब्त किए गए।
छापे में एक होंडा कार, दो मोबाइल फोन, एक लाइसेंसी पिस्टल, 15 जिंदा कारतूस और मैगजीन भी बरामद हुई है। बरामद सामग्री से आशंका है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे। जांच में सामने आया कि प्रियांशु पहले गेहूं सॉल्वेंट और मैदा प्लांट का संचालन करता था, लेकिन व्यापार में घाटा और कर्ज के कारण उसने जल्दी पैसा कमाने के उद्देश्य से इंटरनेट के माध्यम से एमडी ड्रग्स बनाना सीखा और इंदौर से केमिकल खरीदकर चंदेरी में निर्माण शुरू किया।
नारकोटिक्स विंग अब मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। शुरुआती जांच में आरोपियों के संपर्क अन्य जिलों और राज्यों तक फैले होने के संकेत मिले हैं। दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है
