छतरपुर, जीतेंद्र तिवारी। मध्य प्रदेश के चंदला में भीषण गर्मी के बीच एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए रखे प्याऊ से मटका चोरी हो गया, जिससे पेयजल व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर सोशल मीडिया पर पानी की किल्लत की खबर सामने आने के बाद नगर परिषद के अधिकारी मौके पर पहुंचे और व्यवस्था का जायजा लिया। इसी दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति मटका उठाकर ले जाता हुआ नजर आया, जिससे चोरी की घटना का खुलासा हुआ।


नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारी महादेव अवस्थी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत नए मटकों की व्यवस्था करवाई और प्याऊ को दोबारा शुरू कराया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में जहां पानी की व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए, वहीं इस तरह की लापरवाही और घटनाएं यात्रियों के लिए परेशानी बढ़ा रही हैं। प्रशासन से व्यवस्था सुधारने की मांग की जा रही है।