इंदौर, रविकांत वर्मा। इंदौर क्राइम ब्रांच को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच की एसआईटी टीम ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश और गैंग के सक्रिय सदस्य राहुल सिंह राठौर उर्फ बाबा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर राज्य एसटीएफ द्वारा 15 हजार रुपये तथा इंदौर क्राइम ब्रांच द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार राहुल सिंह राठौर, देवास जिले के बिंजाना गांव का निवासी है और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था। इंदौर में व्यापारियों और व्यवसायियों को गैंग के नाम पर धमकी देने के मामलों की जांच के दौरान उसकी संलिप्तता सामने आई थी। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर गठित एसआईटी टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
जांच के दौरान पूर्व में गिरफ्तार आरोपी राजपाल चंद्रावत से पूछताछ में राहुल के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि राहुल गैंग के लिए व्यापारियों के घरों, कार्यालयों और अन्य स्थानों की रेकी करता था। इसके अलावा वह गैंग के सदस्यों को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने, पैसों के लेनदेन में सहयोग करने तथा हथियार उपलब्ध कराने का काम भी करता था। फायरिंग और रेकी के लिए युवकों की व्यवस्था करना भी उसकी जिम्मेदारी में शामिल था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक राहुल सिंह राठौर का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है और उससे पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की उम्मीद है। गौरतलब है कि इंदौर पुलिस लॉरेंस बिश्नोई और हैरी बॉक्सर गैंग के नाम पर व्यापारियों को धमकाने के मामलों में अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इनमें राजपाल चंद्रावत, सोनू उर्फ रितेश खंगार, सचिन उर्फ वेद प्रकाश शर्मा, नाना उर्फ रोहित बर्रा तथा कुलदीप सहित अन्य आरोपी शामिल हैं।
क्राइम ब्रांच का कहना है कि राहुल की गिरफ्तारी से गैंग के नेटवर्क और उसके संचालन से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

