इंदौर,रविकांत वर्मा। शहर के भँवरकुआँ थाना क्षेत्र के पालदा इलाके में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तीन इमली चौराहे के पास खड़ी बसों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आग की लपटें दूर से ही दिखाई देने लगीं।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में तीनों बसें पूरी तरह आग की चपेट में आ गईं और धू-धू कर जलने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।


सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि तब तक तीनों बसें लगभग पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थीं।


फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय बसों में कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई।