सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ दहेज की लालच में एक पति ने न केवल अपनी पत्नी को शारीरिक और मानसिक तौर पर प्रताड़ित किया, बल्कि मर्यादाओं को ताक पर रखकर उसके निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता का विवाह 30 अप्रैल 2025 को बीना की गल्ला मंडी में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत संपन्न हुआ था। परिजनों को उम्मीद थी कि बेटी एक खुशहाल घर जा रही है, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही खुशियां मातम में बदल गईं। पति और ससुराल वालों ने 50 हजार रुपये नकद और एक बाइक की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर पीड़िता के साथ आए दिन मारपीट की जाने लगी।
दहेज प्रताड़ना के इस मामले में डिजिटल अपराध का घिनौना पहलू तब सामने आया जब पति ने पीड़िता के कुछ निजी वीडियो और फोटो गुपचुप तरीके से बना लिए। आरोप है कि जब दहेज की मांग पूरी नहीं हुई, तो पति ने उन वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़िता को इस शर्मनाक कृत्य की जानकारी अपने देवर के माध्यम से मिली, जिसके बाद उसने अपने मायके वालों को सूचना दी। पीड़िता के परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी पति की नीयत केवल दहेज तक सीमित नहीं थी। परिजनों का आरोप है कि आरोपी की नजर पीड़िता की नाबालिग बहन पर भी थी और वह उसे भी बहलाने-फुसलाने की कोशिश कर रहा था। इस खुलासे के बाद मामला और भी गंभीर हो गया है।
पुलिस की कार्रवाई
भानगढ़ थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पति, सास, ससुर, देवर और देवरानी के खिलाफ प्रताड़ना और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
"पीड़िता की शिकायत पर आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है कि वीडियो किन प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किए गए और इसमें किसकी क्या भूमिका थी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
- थाना प्रभारी, भानगढ़



