मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मंदसौर में सावन के चौथे और अंतिम सोमवार पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। अष्टमुखी भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन के लिए सुबह से ही हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। सुबह 5 बजे मंदिर के कपाट खुलने के बाद भगवान पशुपतिनाथ का विशेष पूजन-अभिषेक किया गया। दूध, दही और जल सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से अभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई, जिसके बाद श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू कराए गए।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई हैं और भक्तों को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराए जा रहे हैं। सुरक्षा के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है।
सावन के अंतिम सोमवार पर भगवान पशुपतिनाथ की शाही पालकी यात्रा भी निकाली जाएगी। भगवान शाही पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे और भक्तों को दर्शन देंगे। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। यात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र भगवान पशुपतिनाथ के जयकारों से गूंज रहा है। श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर सुख, शांति, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। सावन के अंतिम सोमवार पर पूरा मंदसौर भक्तिमय नजर आ रहा है।














