सिवनी, सतीश चंद्रा। जिले की लखनादौन पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 86.600 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा एवं वाहन सहित कुल 51 लाख 30 हजार रुपए का मशरूका जप्त किया है। आरोपी फिल्मी तर्ज पर कार की सीट के नीचे बनाए गए विशेष चैम्बर में गांजा छुपाकर तस्करी कर रहे थे।
पुलिस अधीक्षक श्रीकृष्ण लालचंदानी ने प्रेस वार्ता में बताया कि मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक स्विफ्ट डिजायर कार में भारी मात्रा में अवैध गांजा नागपुर से भोपाल की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही एसडीओपी लखनादौन के नेतृत्व में थाना प्रभारी लखनादौन एवं थाना प्रभारी छपारा की संयुक्त टीम गठित कर बम्होडी ब्रिज के पास घेराबंदी की गई।
घेराबंदी के दौरान संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उन्होंने कार की सीट के नीचे बनाए गए विशेष चैम्बर में गांजा छुपाकर रखने की बात स्वीकार की। पुलिस ने चैम्बर खोलकर तलाशी ली, जिसमें 15 पैकेटों में कुल 86.600 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया तथा उनके विरुद्ध थाना लखनादौन में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपियों का पांच दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त कर उनसे गांजा तस्करी के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
जब्त किए गए गांजा की अनुमानित कीमत 43 लाख 30 हजार रुपए तथा स्विफ्ट डिजायर कार की कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई गई है। कुल जप्त मशरूका की कीमत लगभग 51 लाख 30 हजार रुपए आंकी गई है।

