पन्ना,अमित राठौर। शहर में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए सतना बैरियल क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। लंबे समय से यहां खुलेआम देशी-विदेशी सहित कई ब्रांड की शराब अवैध रूप से बेची जा रही थी। इस पर आज 1 अप्रैल को पुलिस ने छापामार कार्रवाई करते हुए 99 पाव क्वार्टर शराब जप्त की और शराब बेचने वाले आरोपी रामकेश कुशवाहा के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।


गौरतलब है कि आज से ही जिले में नई शराब दुकानों के ठेके लागू हुए हैं, इसके बावजूद शहर के अलग-अलग इलाकों में गली-गली अवैध शराब बिक्री की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसी बीच बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मंदिरों और स्कूलों के पास संचालित हो रही अवैध शराब बिक्री के खिलाफ ज्ञापन भी सौंपा था।


ज्ञापन के तुरंत बाद पन्ना पुलिस की यह कार्रवाई सामने आई है, जिसे अवैध कारोबार पर सख्ती के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।