अमरपाटन,नरेन्द्र पटेल। अमरपाटन में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां चलती बस में रेडियेटर से निकले खौलते पानी की चपेट में आकर माँ और बेटा गंभीर रूप से झुलस गए। जानकारी के अनुसार, रीवा से ग्राम करिया पतेर जा रहे माँ-बेटा बस में सफर कर रहे थे। इसी दौरान बस चालक ने लापरवाही दिखाते हुए चलती बस में ही रेडियेटर में पानी डालना शुरू कर दिया।


बताया जा रहा है कि रेडियेटर पहले से गर्म था और उसमें प्रेशर बना हुआ था। जैसे ही चालक ने पानी डाला, अचानक खौलता पानी उछलकर सीधे बस में बैठे माँ-बेटे पर जा गिरा। इस घटना से बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्री घबरा गए।


गंभीर रूप से झुलसे दोनों घायलों को तुरंत अमरपाटन के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों को गर्म पानी से जलने की चोटें आई हैं और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।


इस घटना ने बस संचालन में लापरवाही और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।