मैहर,पुष्पेन्द्र कुशवाहा। मध्यप्रदेश के मैहर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा महिला जन आक्रोश यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री राधा सिंह मुख्य रूप से शामिल हुईं। यह यात्रा महिलाओं से जुड़े मुद्दों, खासकर महिला वंदन अधिनियम को लेकर निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा की शुरुआत सिंधी धर्मशाला से हुई और यह शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए घंटाघर तक पहुंची।


यात्रा के दौरान महिलाओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए अपने अधिकारों और आरक्षण की मांग को प्रमुखता से उठाया। इस अवसर पर मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी भी मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं को आरक्षण देने के उद्देश्य से महिला वंदन अधिनियम सदन में प्रस्तुत किया गया था, लेकिन विपक्ष के समर्थन के अभाव में यह पारित नहीं हो सका, जिससे महिलाओं में आक्रोश व्याप्त है।


कार्यक्रम के समापन के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री राधा सिंह ने कहा कि सरकार महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं के हितों से जुड़े मुद्दों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। इस आयोजन में भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल रहीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में उत्साह और आक्रोश दोनों देखने को मिला, जो उनके अधिकारों के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है।