छतरपुर,सुबोध त्रिपाठी। जिले के देवरा–किशनगढ़ मार्ग पर स्थित रायपुरा घाटी में एक ट्रक के बिगड़ जाने से भारी जाम की स्थिति बन गई। शनिवार रात से ही घाटी में लंबी कतार में वाहन फंसे हुए हैं, जिससे राहगीरों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


बताया जा रहा है कि छतरपुर से कटनी जाने वाले देवरा–किशनगढ़ मार्ग पर ट्रक के खराब हो जाने के कारण रास्ता अवरुद्ध हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम में छोटे-बड़े वाहन, बसें और ट्रक घंटों से फंसे हुए हैं।


यह पूरा मामला किशनगढ़ थाना क्षेत्र के रायपुरा घाटी का बताया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि ट्रक को हटाने की कार्रवाई जारी है और जल्द ही यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया जा रहा है।