धार। मध्य प्रदेश के धार जिले से एक खौफनाक घटना सामने आई है, जहां धामनोद वन परिक्षेत्र के ग्राम गुजरी डेहरिया में बुधवार को एक तेंदुआ रिहायशी इलाके में घुस आया। दिनदहाड़े बस्ती में तेंदुए के पहुंचते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि सबसे पहले एक राहगीर ने तेंदुए को सड़क पर देखा और ग्रामीणों को सूचना दी। देखते ही देखते तेंदुआ बस्ती के अंदर पहुंच गया और लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। इस हमले में चार ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी पहचान महेश वास्केल, ग्यारसी लाल सोलंकी, कांताबाई राठौड़ और विकास डावर के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम पर भी तेंदुए ने हमला कर दिया, जिसमें एक वनकर्मी घायल हो गया।
सभी घायलों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में भय का माहौल बना हुआ है और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। वहीं मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही हैं। वन विभाग और प्रशासन की टीम लगातार तेंदुए को पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि जंगलों में पानी की कमी और पेड़ों की कटाई के कारण जंगली जानवर अब आबादी वाले क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं। उनका कहना है कि इलाके में पहले भी तेंदुए की मौजूदगी की सूचना दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें और रेस्क्यू टीम का सहयोग करें। फिलहाल पूरा गांव तेंदुए के पकड़े जाने का इंतजार कर रहा है।

