इंदौर, रविकान्त वर्मा। इंदौर में हाल ही में सामने आए करोड़ों रुपये की फिरौती मामलों में अब बड़ा खुलासा होने की उम्मीद है। क्राइम ब्रांच ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े हैरी बॉक्सर के एक करीबी साथी राजपाल को खरगोन से प्रोडक्शन वारंट पर इंदौर लाया है। जानकारी के अनुसार, शहर में दो अलग-अलग मामलों में भारी भरकम फिरौती मांगी गई थी। एक मामले में दो व्यापारिक साझेदारों से 10 करोड़ रुपये और दूसरे में एक उद्योगपति से 5 करोड़ रुपये की डिमांड की गई थी। इन मामलों की खास बात यह रही कि फिरौती के कॉल वीपीएन नंबर के जरिए किए गए थे, जिससे आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो गया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इसी तरह का मामला खरगोन में भी सामने आया था, जिससे दोनों घटनाओं के बीच कड़ी होने की आशंका बढ़ गई। इसी लिंक को जोड़ने और पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए राजपाल को इंदौर लाकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल क्राइम ब्रांच आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश में जुटी है कि इन हाई-प्रोफाइल फिरौती मामलों के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका मास्टरमाइंड कौन है।

