उज्जैन। उज्जैन में बदमाशों द्वारा एक डीजे ऑपरेटर की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वायरल 26 सेकंड के वीडियो में 6-7 युवक एक युवक पर लाठी-डंडों से लगातार हमला करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि युवक पर 50 से 60 बार वार किए गए। घटना के बाद से पीड़ित युवक पिछले 11 दिनों से लापता बताया जा रहा है। मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को हिरासत में लिया है।


जानकारी के मुताबिक, घटना भैरवगढ़ थाना क्षेत्र के पिपलियाहाना गांव की है। पीड़ित संदीप कुमावत (29) शादी समारोहों में डीजे ऑपरेटर का काम करता है। संदीप ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले उसने अर्जुन और लखन के बीच हुए विवाद में बीच-बचाव किया था। इसी बात को लेकर आरोपी उससे रंजिश रखने लगे थे।


पीड़ित के अनुसार, ग्राम ढाबला धुता स्थित भैरू महाराज मंदिर के पास लखन, रूपेश, बंटी, कुलदीप, धर्मेंद्र और अन्य साथियों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने शराब पीने के लिए उससे 5 हजार रुपए मांगे। रुपए देने से इनकार करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। वीडियो में युवक को जमीन पर गिराकर लगातार पीटते हुए देखा जा सकता है।


मारपीट में गंभीर रूप से घायल संदीप को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका करीब पांच दिन तक इलाज चला। इसके बाद से वह घर नहीं लौटा है। परिजनों ने उसके लापता होने की जानकारी भी दी है।


एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि घटना 11 मई की है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने उसी रात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली थी। मामले में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।


घटना का वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस नेता हेमंत सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि ‘ढाबा गैंग’ नाम से सक्रिय कुछ युवक क्षेत्र में लोगों को डराने-धमकाने, हफ्तावसूली और मारपीट जैसी वारदातों को अंजाम देते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि आरोपियों ने किसी अन्य युवक को धमकाने के लिए खुद यह वीडियो भेजा था, जिसके बाद वीडियो वायरल हो गया।