मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत । प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार शाम बाईपास रोड स्थित बागेश्वर बालाजी ट्रेडर्स के गोदाम पर छापामार कार्रवाई की। अंबाह एसडीएम प्रतिज्ञा शर्मा को गोदाम में रिफाइंड ऑयल और वनस्पति घी के भंडारण की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान गोदाम से पामोलिन रिफाइंड, बिलक्रीम कोकोनट ऑयल, जैमिनी वनस्पति और प्रोटो वनस्पति सहित कुल 297 टिन रिफाइंड ऑयल व वनस्पति घी बरामद किए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके से रिफाइंड ऑयल के दो और वनस्पति घी का एक सैंपल लेकर जांच के लिए भोपाल की प्रयोगशाला भेजा है।
इसी दौरान टीम को दूसरे गोदाम में हाइड्रोजन परॉक्साइड और सल्फ्यूरिक एसिड की पांच केन भी मिलीं। इन केमिकल्स के संबंध में गोदाम संचालक विष्णु अग्रवाल से जानकारी मांगी गई, लेकिन अधिकारियों के अनुसार वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार और पटवारियों की टीम ने 297 टिन रिफाइंड व वनस्पति घी जब्त कर दोनों गोदामों को सील कर दिया। अब खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से भेजे गए तीनों नमूनों की लैब रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और केमिकल के उपयोग से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी।











