पुलिस के हत्थे चढ़ी 'लेडी तस्कर': भारी मात्रा में नशीले पदार्थों के साथ महिला गिरफ्तार

Advertisement
इंदौर,रविकांत वर्मा । इंदौर शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी अब केवल पुरुषों तक सीमित नहीं रह गई है। हाल के दिनों में महिलाओं की संलिप्तता भी सामने आई है। बीते कुछ दिनों में पुलिस ने तीन महिला तस्करों को अवैध मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है। इसी कड़ी में शुक्रवार रात एक महिला तस्कर को 8 किलो 313 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया। खास बात यह है कि आरोपी महिला पहले से ही इसी तरह के एक मामले में कोर्ट से जमानत पर बाहर थी।
दरअसल, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में अब महिलाएं भी पुरुषों के कंधे से कंधा मिलाकर सक्रिय होती नजर आ रही हैं। दो दिन पहले मुंबई की एक महिला तस्कर को इंदौर क्राइम ब्रांच ने एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया था। इससे पहले कनाड़िया पुलिस ने भी एक महिला तस्कर को अवैध मादक पदार्थों के साथ पकड़ा था।
इसी क्रम में शुक्रवार को इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम ने देवास–इंदौर बायपास रोड स्थित डागरिया फार्म हाउस के पास निपानिया क्षेत्र से एक महिला तस्कर को 8 किलो 313 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी महिला पहले भी 6 किलो गांजे के मामले में गिरफ्तार हो चुकी है और वर्तमान में जमानत पर बाहर थी।
पुलिस ने आरोपी महिला के पास से 8 किलो 313 ग्राम गांजा, एक आईफोन, एक दोपहिया वाहन सहित कुल लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये का सामान जब्त किया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
