छतरपुर, संदीप यादव। शहर में निर्माणाधीन मकान पर काम कर रहे एक मजदूर की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मजदूर छत पर कार्य करते समय बिजली के तार की चपेट में आता दिखाई दे रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मजदूर मकान की छत पर निर्माण कार्य में जुटा था। इसी दौरान वह अचानक ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन के संपर्क में आ गया और तेज करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद साथी मजदूरों ने तत्काल उसे बिजली के तार से अलग कर बचाने का प्रयास किया और आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे के कारणों के साथ ही निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन और किसी प्रकार की लापरवाही की भी जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

