छतरपुर, संतोष शिवहरे। शिवसेना प्रदेश प्रमुख सुनील शर्मा के निर्देशानुसार छतरपुर के मिड सिटी होटल में शिवसेना की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर संगठन ने आंदोलन का ऐलान किया। शिवसेना जिला प्रमुख मुन्ना तिवारी ने घोषणा की कि 25 नवंबर को शिवसेना जिला इकाई बिजली विभाग का घेराव करेगी। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन जनता की समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर किया जाएगा।


बिजली विभाग पर लगाए गंभीर आरोप

बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रमुख मुन्ना तिवारी ने बिजली विभाग में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि शिवसेना किसी नेता या सरकारी तंत्र के विरोध में नहीं है, बल्कि छतरपुर के विकास और जनता के हित में आवाज उठा रही है।


यह भी पढि़ए: पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण:प्रसव के दो दिन बाद प्रसूता की मौत, बिना बताए अस्पताल से ले गए थे परिजन




मुन्ना तिवारी ने आरोप लगाया कि पूर्व में मेंटेनेंस के नाम पर बड़े स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने 300 बिजली खंभों से जुड़े कथित घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि पुराने खंभों पर पेंट कर उन्हें नया दिखाने और नए खंभों को कथित तौर पर ब्लैक में बेचने जैसी अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने बिजली विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को कथित रूप से मनमाने और फर्जी नोटिस दिए जाने का भी आरोप लगाया।


उन्होंने कहा कि 25 नवंबर को होने वाला घेराव जनता की समस्याओं को लेकर किया जाएगा और संगठन कथित भ्रष्टाचार के मामलों की जांच की मांग करेगा।


नगरपालिका के बाद अब बिजली विभाग का घेराव

शिवसेना नेताओं ने कहा कि इससे पहले युवा सेना द्वारा नगरपालिका का घेराव कर कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे को उठाया गया था। अब संगठन ने बिजली विभाग के खिलाफ आंदोलन की घोषणा की है। बैठक में कार्यकर्ताओं से आंदोलन को लेकर तैयारियां शुरू करने का आह्वान किया गया।


नगरपालिका, पंचायत और छात्र संघ चुनाव लड़ने का फैसला

बैठक में शिवसेना ने आगामी चुनावों को लेकर भी अपनी रणनीति स्पष्ट की। जिला प्रमुख मुन्ना तिवारी ने कहा कि संगठन आगामी नगर पालिका चुनाव, पंचायत चुनाव और छात्र संघ चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगा। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अभी से बूथ एवं जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए।


बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

जिला स्तरीय बैठक में संभाग प्रमुख पवन सोनी, अजय साहू, सुनील द्विवेदी, उमाशंकर कुशवाहा और छात्र प्रमुख आयुषी नामदेव सहित कई पदाधिकारी मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन युवा शिवसेना जिलाध्यक्ष नीतेश तिवारी ने किया।


बैठक में शिवसेना, युवा सेना और भारतीय विद्यार्थी सेना के नगर, जिला एवं ग्रामीण क्षेत्रों के शाखा प्रमुखों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। संगठन ने आगामी आंदोलन और चुनावी गतिविधियों को लेकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने के निर्देश दिए।