छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। शहर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोतवाली पुलिस ने बीती रात लालबाग क्षेत्र में विशेष पैदल गश्त अभियान चलाया। कोतवाली थाना प्रभारी आशीष दुबे अपनी टीम के साथ मोहल्लों और गलियों में पहुंचे तथा स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली।
गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों, उपद्रव करने वाले युवकों तथा महिलाओं एवं बुजुर्गों को परेशान करने वाले असामाजिक तत्वों के संबंध में लोगों से जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी आशीष दुबे ने नागरिकों को अपना संपर्क नंबर उपलब्ध कराते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, विवाद या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
पुलिस ने क्षेत्र में किराएदारों के सत्यापन को लेकर भी लोगों को जागरूक किया और आवश्यक जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराने की अपील की। अचानक हुए इस पैदल गश्त अभियान से असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति देखी गई, जबकि स्थानीय लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए इसे सुरक्षा और विश्वास बढ़ाने वाला कदम बताया।
रात के सन्नाटे में मोहल्लों और गलियों तक पहुंची पुलिस की मौजूदगी ने यह संदेश दिया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार सतर्क है तथा शहर के प्रत्येक क्षेत्र पर उसकी नजर बनी हुई है।




