इंदौर ,रविकांत वर्मा। इंदौर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग सप्लाई करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। सदर बाजार थाना पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये कीमत की प्रतिबंधित एमडी ड्रग के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को शहर में नशे के नेटवर्क के खिलाफ एक अहम सफलता माना जा रहा है।


दरअसल, कुछ दिन पहले सदर बाजार थाना पुलिस ने एक युवक को पकड़ा था, जिसके पास से 12.72 ग्राम एमडी ड्रग बरामद हुई थी। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का दायरा बढ़ाया और सप्लाई चेन को खंगालना शुरू किया। लगातार की गई पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ड्रग सप्लाई करने वाले मुख्य नेटवर्क तक पहुंचने में सफल रही।


जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी जुबेर पिता सईद खान, निवासी मेहंदीपुर तकिया, जिला झालावाड़ (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 101.61 ग्राम अवैध एमडी ड्रग बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी की निशानदेही पर की गई है।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी लंबे समय से इंदौर और आसपास के इलाकों में ड्रग्स की सप्लाई कर रहा था। आरोपी का नेटवर्क अन्य राज्यों से भी जुड़ा हो सकता है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई चैन में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।


कृष्ण लालचंदानी, डीसीपी
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ड्रग्स कहां से लाई जा रही थी और किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जा रही थी। इंदौर पुलिस ने साफ किया है कि शहर में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।